रोहतक। शहर के रेलवे रोड से दुकानदार 58 वर्षीय कुलभूषण मग्गू संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पूरे मामले के पीछे पैसे के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। इस संबंध में सिटी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक ब्राह्मणा मंडी निवासी सीमा मग्गू ने बताया कि उसकी रेलवे रोड पर बिजली के उपकरणों की दुकान है। वह अपने पति कुलभूषण के साथ दुकान संभालती हैं। मंगलवार को दोनों दुकान पर बैठे थे। दोपहर करीब 12 बजे उसका पति किसी से मिलने की कहकर चला गया। देर रात तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। मामले की सूचना परिजनों को दी। परिजन इधर से उधर तलाश करते रहे। आखिर में शहर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया।
बाक्स
पैसे के लेनदेन का विवाद आ रहा सामने
मोबाइल की डिटेल निकलवाकर लापता व्यापारी का सुराग ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। अब तक की जांच में पैसे के लेनदेन का विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि कुलभूषण ने लाखों रुपये किसी अन्य व्यक्ति को अपने करीबी से दिलवाए थे। अब पैसे नहीं निकल रहे हैं। पक्के तौर पर व्यापारी के मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
-इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, प्रभारी थाना सिटी