बहादुरगढ़। इस बार अनाज मंडियों में गेहूं की बंपर खरीद हो रही है। वर्ष 2023 के मुकाबले 2024 में अब तक 25 प्रतिशत गेहूं ज्यादा खरीदा गया है। पिछले वर्ष कुल 74 हजार 279 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हुई थी। इस बार अब तक 98 हजार 58 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। अभी खरीद लगातार जारी है। इसके लिए अच्छी पैदावार के साथ सरकारी रेट में बेहतर बढ़ोतरी को माना जा रहा है।
पिछले वर्ष गेहूं का सरकारी मूल्य 2125 रुपये था, जबकि इस बार सरकार ने इसे बढ़ाकर 2275 रुपये किया है। बाजार में आढ़ती इससे कम भाव दे रहे थे इसलिए किसान आढ़तियों की बजाय सरकार को फसल देना फायदे का सौदा मान रहे हैं यही वजह रही थी बंपर गेहूं सरकारी केंद्र पर पहुंचा। बहादुरगढ़ क्षेत्र में 30 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुआई की गई थी। गेहूं की खरीद खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा की जा रही है। बहादुरगढ़ और आसौदा खरीद केंद्र पर गेहूं खरीदा जा रहा है। इस बार मंडियों में किसान भारी मात्रा में गेहूं की फसल को लेकर पहुंच रहे हैं। बहादुरगढ़ के बराही, आसौदा, जसौर खेड़ी, बामनौली, कानोंदा, कुलासी, खैरपुर, नया गांव, सौलधा, मातन, मांडोठी समेत अन्य गांवों में गेहूं की फसल है। खरीद भी लगातार की जा रही है। बहादुरगढ़ मंडी की बजाय आसौदा केंद्र पर भारी मात्रा में गेहूं आ रहा है। बुधवार को बहादुरगढ़ मंडी में कुल 127 क्विंटल गेहूं बिक्री के लिए आया, जबकि आसौदा केंद्र पर 962 क्विंटल गेहूं पहुंचा। बहादुरगढ़ में 44.5 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। जबकि आसौदा में कुल 944.50 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। अबकी बार मंडी में सरसों भी भारी मात्रा में पहुंची। इसके पीछे भी सरकार द्वारा फसल का रेट बढ़ाना रहा। पिछले वर्ष सरसों की खरीद 5450 रुपये प्रति क्विंटल की गई थी। अबकी बार इसे सरकार ने 200 रुपये बढ़ाया और 5650 रुपये रेट तय किया। इसकी वजह से किसान भारी मात्रा में फसल लेकर पहुंचे। बता दें कि पिछले साल बहादुरगढ़ में सरसों की कुल आवक 10 हजार 206 क्विंटल हुई थी। जबकि बुधवार तक बहादुरगढ़ मंडी में सरसों की आवक 17 हजार 618 क्विंटल हुई है। किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से रेट बढ़ाए जाने के बाद किसानों ने सरकार को अपनी फसल बेची। अन्यथा प्राइवेट आढ़तियों के यहां फसल बेचनी पड़ती थी।
वर्जन...
बहादुरगढ़ और आसौदा में गेहूं की खरीद लगातार हो रही है। अबकी बार गेहूं काफी मात्रा में मंडियों में पहुंचा है। खाद्य आपूर्ति विभाग गेहूं की खरीद कर रहा है। अभी सरसों और गेहूं की खरीद की जा रही है।
-अंजू दलाल, सचिव, मार्केट कमेटी बहादुरगढ़।