रोहतक/कलानौर। घर के बाहर पीने के पेयजल लाइन जोड़ने को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि छोटे भाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर बड़े भाई 64 वर्षीय रामफल पर लाठी व डंडों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सत्यवान, उसकी पत्नी रेखा व बेटे दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुंडाना गांव निवासी कर्मबीर ने बताया कि सोमवार को उसके पिता रामफल व चाचा सत्यवान के बीच खेत के पानी को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही है। उसके पिता रामफल सोमवार को टूटी पेयजल की पाइपलाइन जोड़ने के लिए गली में चाचा सत्यवान के घर के बाहर गए। उसके चाचा सत्यवान, चाची रेखा व चचेरे भाई दीपक ने पाइप लाइन नहीं जोड़ने दी। उसके पिता ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी व डंडों से उसके पिता पर हमला कर दिया। घायल होकर उसके पिता गली में गिर गए। इसके बावजूद आरोपियों ने डंडों से वार किया। वह बाहर आया और घायल पिता को अपनी मां मूर्ति देवी के साथ बाइक पर बैठाकर कलानौर के सरकारी अस्पताल ले गया, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसके पिता ने दम तोड़ दिया।
....
खेत में भी हो चुका है दोनों पक्षों में झगड़ा
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके चाचा सत्यवान उसके पिता के साथ खेत में भी पानी को लेकर झगड़ा करते रहे हैं। उसी रंजिश के चलते उसके पिता की हत्या की गई है।
वर्जन
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
रमेश, थाना प्रभार , कलानौर