रोहतक। सेक्टर तीन स्थित निजी स्कूल से लापता छह साल के लवयांश उर्फ आरव को लेकर दोनों पक्षों ने अदालत में अपना पक्ष रखा। मनोज की तरफ से भी वकील पेश हुआ। क्योंकि मनोज को हाईकोर्ट ने सप्ताह में दो दिन बेटे से मिलने की अनुमति दे रखी है। जबकि लवयांश फिलहाल अपनी नानी के पास ही रह रहा था। अब सोमवार तक अदालत का फैसला आने की संभावना है। उधर, पुलिस लापता लवयांश व उसके पिता मनोज का शनिवार को भी सुराग नहीं लगा सकी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 10 साल पहले युवती निहारिका की शादी झंग कॉलोनी निवासी मनोज के साथ हुई थी। लंबे समय से दोनों अलग-अलग रहते हैं। छह साल का बेटा लवयांश उर्फ आरव अपने नाना-नानी के पास रहता था। आरोप है कि 25 अगस्त को लवयांश स्कूल के बाहर से लापता हो गया। आरोप है कि उसका पिता मनोज व बुआ रेखा अपहरण करके ले गए हैं। पुलिस रेखा को तो गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन बच्चे के साथ-साथ उसके पिता मनोज का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
वर्जन-
पुलिस अपनी तरफ से लवयांश उर्फ आरव को बरामद करने का पूरा प्रयास कर रही है, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी है। हाईकोर्ट में दोनों पक्षों ने अपना-अपना पक्ष रखा। अब सोमवार तक अदालत की नई गाइड लाइन आने की उम्मीद है।
- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक