संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर काली माता मंदिर के पास कार सवार बदमाशों ने दिल्ली माल ले जा रहे कपड़ा व्यापारी व उसके साथी की पिटाई कर बोलेरो पिकअप, मोबाइल व रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम दे आरोपी व्यापारी और उसके साथी को उसकी गाड़ी से नीचे उतार कर भाग गए। कपड़ा व्यापारी ने मामले की शिकायत बड़ी थाना पुलिस को दी है।
नई दिल्ली के कीर्ति नगर निवासी प्रेम ने बताया कि वह दोस्त शंकर के साथ अंबाला से अपनी बोलेरो पिकअप गाड़ी में कपड़ा लोड कर दिल्ली जा रहे थे। रविवार की सुबह वह जब काली माता मंदिर के पास पहुंचे तो एक स्विफ्ट कार उनकी गाड़ी के सामने आकर रुकी। कार में से पांच आरोपी नीचे उतरे, जिनके हाथों में लाठी-डंडे थे। उन्होंने उसकी व उसके दोस्त की पिटाई कर उनकी गाड़ी की चाबी, मोबाइल व 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद दो आरोपी उनकी गाड़ी में बैठ लिए, जबकि उनके तीन और साथी अपनी कार में पीछे चल रहे थे। आरोप है कि युवक उन्हें गाड़ी में बैठा कर सुनसान जगह ले आए और उन्हें नीचे उतार दिया। इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर उनकी गाड़ी लेकर भाग गए। कपड़ा व्यापारी ने बताया कि पांचों आरोपी आपस में अपने नाम भी ले रहे थे, जो सोहलू, कमलजीत, प्रवीन, अंकित व सुदामा थे।
पुलिस ने कपड़ा व्यापारी की शिकायत के आधार पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सीआईए गन्नौर की टीम भी आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
- संदीप कुमार, प्रभारी, बड़ी थाना