रोहतक। शहर के आजादगढ़ इलाके में स्थित एक बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेने आई 15 वर्षीय बाॅक्सर का शव पीजी में फंदे से लटकता मिला। युवा खिलाड़ी मध्यप्रदेश के ग्वालियर से 2 मई को ही रोहतक आई थी।संदिग्ध परिस्थितियों में हुई माैत के कारण की जानकारी नहीं हो सकी। फिलहाल शव पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया गया है।
रविवार रात करीब 9 बजे पुलिस को किसी ने सूचना दी कि आजादगढ़ इलाके में एक लड़की का शव पीजी में मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आजादगढ़ में ही पेइंग गेस्ट (पीजी) में रहने वाली युवा खिलाड़ी का शव फंदे पर लटका मिला। इसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। लड़की के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्वालियर की 15 वर्षीय खिलाड़ी यहां वह एक निजी अकादमी में 25 अप्रैल को पहली बार रोहतक आई थी। अकादमी में प्रवेश के बाद वह वापस घर चली गई। अब 2 मई को वह दोबारा घर से आई थी। खिलाड़ी की माैत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लड़की ने आत्महत्या की है या फिर उसके साथ कोई अनहोनी घटी है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस को लड़की के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए मौके का मुआयना किया। यहां मिले शव को कब्जे में लेकर लड़की के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिवार के बयान पर ही कार्रवाई हो पाएगी।
एएसआई पंकज, प्रभारी, बस स्टैंड चौकी।