एक की उम्र आठ साल तो दूसरे की नौ के करीब
रोहतक। महम चौबीसी के गांव मदीना के जलघर में शनिवार शाम करीब पांच बजे दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक की पहचान आठ वर्षीय आदि व दूसरे की 10 वर्षीय आदित्य के तौर पर हुई। बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने शवों को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया है, रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जांच अधिकारी एएसआई अमित कुमार ने बताया कि शाम करीब साढ़े बजे सूचना मिली कि मदीना के जलघर में दो बच्चों के शव उतराते हुए मिले। गांव की महिलाएं पानी भरने गई तो उनकी नजर पड़ी। तत्काल आसपास के युवकों को बुलाकर शव बाहर निकलवाए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। एक शव नग्न हालत में था, जबकि दूसरे के शरीर पर कपड़े थे। हालांकि शरीर पर चोटों के निशान नहीं थे। आशंका है कि दोनों की डूबने से मौत हुई है।
डेड हाउस में परिजनों ने की पहचान
पुलिस शव लेकर पीजीआई पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव डेड हाउस में रखे। गांव निवासी रोशन व बलवान के मकान में किराये पर रहने वाले बिहार निवासी संदीप डेड हाउस पहुंचे और शवों की शिनाख्त की।
जलघर में नहाते हैं गांव के युवक, डूबने से मौत की आशंका
जलघर में अक्सर गांव के युवक नहाते हैं। अंदेशा है कि दोनों बच्चे भी नहाने गए होंगे और डूब गए। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एएसआई अमित कुमार, थाना बहुअकबरपुर