झज्जर। पुलिस ने सीलिंग प्लान के तहत चिन्हित स्थानों पर विशेष नाकाबंदी करके शनिवार रात आठ बजे से रविवार तड़के दो बजे तक संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की। 124 स्थानों पर नाके लगाए गए, जिन पर नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए कड़ी नाकाबंदी कर विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच की गई। इसके अतिरिक्त चैकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट लगे व ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर विशेष निगाह रखी गई। चैकिंग के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के चालान किए गए। उन्होंने बताया कि यह अभियान जिला के आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम व किसी भी घटना दुर्घटना से निपटने को ध्यान में रखते हुए चलाया गया। पुलिस की मौजूदगी से आम आदमी के मन में पुलिस व कानून के प्रति विश्वास बढ़ता है साथ ही सड़क पर होने वाला अपराध भी रुकता है। संवाद