रोहतक। भाजपा लोकसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हो गई है। मंगलवार रोहतक में चुनावी कार्यालय खोलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ रोहतक में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। सैनी ने सभी लोकसभा प्रभारियों को हिदायत दी कि वे लोकसभा स्तर पर चुनाव प्रबंधन समिति का गठन करें।
बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, सुरेंद्र पुनिया, डाॅ. अर्चना गुप्ता और तीनों क्लस्टर के प्रभारी राव नरबीर सिंह, कृष्ण लाल पंवार और मनीष ग्रोवर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला मौजूद रहे। तीन घंटे चली बैठक में सैनी ने आगामी कार्ययोजना, चुनाव पर रणनीतिक चर्चा, प्रचार-प्रसार व घर-घर संपर्क को लेकर चर्चा की। बैठक में लोकसभा क्षेत्र अनुसार चुनावी रणनीति बनाई गई। सैनी ने बताया कि सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई पहली बैठक में क्लस्टर प्रभारी व दूसरी बैठक लोकसभा के संयोजकों व प्रभारियों के साथ हुई। उन्होंने कहा कि बैठक में चुनाव 2024 के प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई और जरूरी दिशा निर्देश दिए।
नए प्रदेश कार्यालय में ही खुलेगा लोकसभा चुनाव कार्यालय
पार्टी की तरफ से रोहतक में सनसिटी में नया प्रदेश कार्यालय बनाया है, जिसका उद्घाटन फरवरी में किया जाना है। चार मंजिला कार्यालय में पार्किंग स्थल के अलावा सभागार के कॉन्फ्रेंस हाॅल भी बनाए गए हैं। नए कार्यालय के एक हिस्से में ही मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ लोकसभा चुनाव कार्यालय खोलेंगे।