रोहतक। प्रदेश में लगातार व्यापारियों को मिल रही रंगदारी की धमकियों के लिए भाजपा-जजपा सरकार की लचर कानून व्यवस्था जिम्मेदार है। भाजपा-जजपा ने हरियाणा को अपराधियों की शरणस्थली बना दिया है। यह आरोप पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लगाए हैं। पूर्व सीएम ने बुधवार को कहा कि गोहाना में मातूराम जलेबी वाले के बाद रोहतक के कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी की धमकी दी गई।
पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान को लेकर वह प्रदेश में जा रहे हैं। प्रदेश के हर इलाके में व्यापारियों की ओर से मुख्य रूप से जानलेवा हमले, रंगदारी के लिए कॉल और जान से मारने की धमकियाें को लेकर उनके सामने शिकायतें आती हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। भाजपा-जजपा हरियाणा की जनता को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम है।
केंद्र सरकार का सामाजिक प्रगति सूचकांक और एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य है। चोरी, लूट, डकैती, फिरौती और हत्याओं की वारदात दिनचर्या का हिस्सा बन गई है। सत्ता में बैठे लोगों को सिर्फ अपनी सुरक्षा की चिंता है। उन्होंने जनता को अपराधियों का चारा बनाकर उनके सामने परोस दिया है। कांग्रेस कार्यकाल के दौरान उनकी सरकार ने प्रदेश से अपराध को पूरी तरह खत्म करने का बीड़ा उठाया था। प्रदेश से बदमाश और गैंगस्टर का पूरी तरह सफाया कर दिया गया था। अपराधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई देख तमाम बदमाशों ने हरियाणा छोड़ दिया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से फिर अपराधी व गैंगस्टर प्रदेश में सक्रिय हो गए। दूसरे राज्यों से आकर बदमाश हरियाणा में सरंक्षण पा रहे हैं।