राजनीति में शब्दों और नरेटिव की लड़ाई होती है। विपक्ष हमारी अच्छी बात को बुरा कैसे कह सकता है। कितनी पार्टियों में इतना दम है कि जो अपने केंद्रीय मंत्रियों को विधानसभा चुनाव लड़ने को कहे। अन्य विपक्षी पार्टियों के लोग तो अपनी पार्टी के नेताओं को एकजुट कर साथ तक नहीं चल सकते। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने शुक्रवार पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
भाजपा कार्यालय में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि वह चार डिप्टी सीएम बनाने की बात कर रहे हैं। यह निर्णय सीडब्ल्यूसी को लेना है और हुड्डा तो इसके सदस्य भी नहीं हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जो काम दिया जाता है, वह करते हैं। यह भाजपा का सामर्थ्य है, जो अन्य दलों में नहीं है।
भाजपा-जजपा गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव के नतीजों पर आधारित होगा। 2014 में पूर्ण बहुमत था तो गठबंधन की जरूरत नहीं पड़ी, 2019 में पड़ी तो गठबंधन किया। सभी अपनी सीटों पर अपनी तैयारी कर रहे हैं। उचाना भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की सीट है। वह वहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं, इसलिए गठबंधन पर उनका अपना पक्ष है।
पंजाब में आप सरकार पर उन्होंने कहा कि दिल्ली को पीने के लिए 1050 क्यूसेक पानी चाहिए, जबकि हरियाणा को 2000 क्यूसेक। यदि नहर के पानी में समस्या आई तो हरियाणा-दिल्ली को पीने के पानी का संकट आ जाएगा। इसके लिए एक अलर्टनेट चैनल का निर्माण होना चाहिए। आप न तो दिल्ली के लोगों के हक में है और न ही हरियाणा के। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पंजाब सरकार को मानना चाहिए।
वहीं इस्राइल में चल रहे हमलों पर उन्होंने कहा कि वहां के लोग भारत को अपनी दूसरी मदरलैंड मानते हैं। हिंदुस्तान ने हमेशा उनको गले लगाया है। यहां यहूदी हमेशा सुरक्षित रहे हैं। सभी को आतंकवाद का विरोध करना चाहिए। यदि हमास को लड़ना है तो सीधा लड़ना चाहिए।