रोहतक। एवीटी स्टाफ की टीम ने शुक्रवार को विभिन्न चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से तीन चोरी की हुई बाइक व एक मोबाइल बरामद किया है। एवीटी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक गोर्धन सिंह ने बताया कि अर्बन एस्टेट थाना में 26 जनवरी को सुनील नामक युवक ने बाइक चोरी की शिकायत दी थी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गन्नौर निवासी मोहन उर्फ मोनू के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान तीन अन्य वारदातों को अंजाम देने का खुलासा किया है।