रोहतक। शहर के मालगोदाम रोड से बाइक सवार दो युवक 105 सेकंड में चायपत्ती के पांच कट्टे चुराकर ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गोदाम संचालक ने सिटी थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में जनता कॉलोनी निवासी सन्नी गुप्ता ने बताया कि उसकी माल गोदाम रोड पर दुकान है। दुकान के पीछे गोदाम बना रखा है। 31 जनवरी को शाम 4:30 बजे बाइक सवार दो युवक आए और सीधे गोदाम में घुस गए। इसके बाद अंदर से चायपत्ती के पांच कट्टे निकाले और बाइक पर रखकर ले गए। पूरी वारदात सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवकों ने मुश्किल से कट्टे बाइक पर रखे। राहगीरों को उन पर शक नहीं हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।