रोहतक। भिवानी से चलने वाली भिवानी प्रयागराज एक्सप्रेस अब सिर्फ कानपुर तक ही संचालित होगी। कानपुर से आगे अब यह संचालित नहीं होगी। 27 जनवरी से 3 फरवरी तक ही इस ट्रेन की सेवाएं कानपुर तक रहेंगी। बुधवार को रेल मंत्रालय ने पत्र जारी कर यह जानकारी दी। कहा गया है कि इसमें कोई बदलाव किया जाता है तो उसके लिए भी यात्रियों को सूचित किया जाएगा। रेलवे द्वारा जारी पत्र में कानपुर से इसी ट्रेन को वापस भिवानी के लिए रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन 3 फरवरी तक ऐसे ही अपने निर्धारित समय पर चलती रहेगी, लेकिन भिवानी व रोहतक से प्रयागराज के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी समस्या पैदा होगी। ज्यादातर यात्रियों ने इन्हीं ट्रेनाें से प्रयागराज महाकुंभ में जाने के लिए टिकट तक बुक करवाए हुए हैं, लेकिन उन यात्रियों को रेलवे कैसे प्रयागराज तक पहुंचाएगा, इसका अभी तक नहीं पता है। इससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।