रोहतक। जिले में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से एक लाख 29 हजार 186 लाभार्थियों को विभिन्न सामाजिक पेंशन तथा अनेक योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना प्रो-एक्टिव स्कीम के माध्यम से बनाई जा रही है। सरकार द्वारा गत अप्रैल माह से प्रत्येक पेंशन योजना में 200 रुपये प्रतिमाह की राशि की वृद्धि की गई है। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि जिले में विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं तथा अन्य योजनाओं के तहत एक लाख 29 हजार 186 लाभपात्रों को लाभ दिया जा रहा है। इनमें बुढ़ापा सम्मान भत्ता योजना के तहत 71 हजार 90 लाभपात्रों, दिव्यांग पेंशन के 7 हजार 990 लाभार्थियों, विधवा पेंशन की 37 हजार 452 लाभार्थियों, लाडली पेंशन के एक हजार 630 लाभार्थियों, किन्नर पेंशन के 3 लाभार्थियों तथा बौना भत्ता के एक लाभार्थी को 2500-2500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। जिले में 10 हजार 617 निरक्षित बच्चों को 1600 रुपये प्रति बच्चा प्रतिमाह, 18 वर्ष से कम आयु के स्कूल न जाने वाले 399 दिव्यांग बच्चों को 1800 रुपये प्रति बच्चा, एसिड अटैक से पीड़ित 4 महिला एवं लड़कियों को 6000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
पेंशन आवेदनों की स्वीकृति की जा रही
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा गत फरवरी माह तक के सभी योजनाओं के पूर्ण पेंशन आवेदन फार्मों की पेंशन स्वीकृत कर दी गई है तथा मार्च 2023 के पेंशन आवेदनों की पेंशन स्वीकृत की जा रही है। मुख्यालय द्वारा उपलब्ध करवाई गई लाभार्थियों की सूची में शामिल सभी की पेंशन स्वीकृत कर दी गई है। इसकी सूचना कार्यालय से अथवा विभाग की वेबसाइट www.socialjusticehry.gov.in पर आधार नंबर व बैंक खाता का विवरण डालकर प्राप्त की जा सकती है।