रोहतक। एफडीए (खाद्य एवं औषधि विभाग), सीआईडी व मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने शुक्रवार को बलंभा में मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस कार्रवाई में बालाजी मेडिकल हॉल पर एक्सपायरी डेट की एमटीपी किट बरामद हुई। यहां कुछ अन्य अनियमितताएं मिलने की बात भी कही गई है। इसके लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
औषधि नियंत्रक डॉ. मनदीप मान, गुप्तचर विभाग निरीक्षक तेजाराम, एएसआई नरेंद्र व खुशवंत सिंह अपनी टीम के साथ मिली सूचना के अनुसार बलंभा पहुंचे। यहां बालाजी मेडिकोज पर उन्हें गुढ़ान कला निवासी मोहित मौजूद मिला। इसे साथ लेकर मेडिकल स्टोर की जांच की गई। जांच में प्रतिबंधित किट बरामद हुई। मोहित से दवा व दुकान चलाने का लाइसेंस मांगा। इस पर उसने प्रवीण को अपने पार्टनर के रूप में प्रस्तुत किया। इस पर अपनी रिपोर्ट बनाकर ड्रग कंट्रोलर कृष्ण कुमार पॉलीक्लिनिक सेक्टर तीन को भेज दी गई है। सीनियर ड्रग अधिकारी को नोटिस भेजे जाएंगे। मोहित व प्रवीण का जवाब मिलने के बाद ड्रग अधिनियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।