झज्जर। शहर में जल्द एक बड़ा ऑडिटोरियम बनेगा। स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय ने जिला नगर आयुक्त को पत्र भेजकर ऑडिटोरियम के लिए जगह फाइनल कर नाम भेजने के लिए कहा है। पत्र मिलने के बाद नगर परिषद की तरफ से जगह का चुनाव करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
झज्जर जिले में ऐसा कोई बड़ा ऑडिटोरियम प्रशासन या नगर परिषद का नहीं है जहां एक हजार से 1500 लोग एक साथ बैठ सकेंगे। बड़े कार्यक्रम राजकीय नेहरू कॉलेज के ऑडिटोरियम में करवाए जाते है।
छोटे आयोजनों को संवाद भवन में करवाना पड़ता है, लेकिन यहां भी 150 से 200 लोगों के ही बैठने की व्यवस्था है। इसके चलते बड़े आयोजनों के लिए राजकीय नेहरू कॉलेज के ऑडिटोरियम को ही बुक करना पड़ता है। अब स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय ने प्रदेश के हर जिले में एक-एक ऑडिटोरियम बनाने का निर्णय लिया है जिसका लाभ झज्जर को भी मिलेगा।