माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के पाड़ा मोहल्ले के ई-रिक्शा चालक को आईएमटी के सुनसान एरिया में ले जाकर एक व्यक्ति ने लूटने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार आने के कारण कामयाबी नहीं मिल सकी। इस संबंध में आईएमटी थाने में केस दर्ज कराया गया है। पाड़ा मोहल्ला निवासी अरुण ने दी शिकायत में बताया कि वह 29 सितंबर की सुबह साढ़े चार बजे ई-रिक्शा लेकर दिल्ली बाईपास पर गया था। एक व्यक्ति आया और उसे जल्दी आईएमटी में छोड़ने के लिए बोला। कहा वह ड्यूटी पर लेट हो रहा है। आईएमटी चौक से पहले कहा इस रास्ते से चलाे, जल्दी पहुुंच जाएंगे। जैसे ही वह संकरे रास्ते में घुसा तो पीछे से सिर में आरोपी ने लोहे की राॅड मारी। वह सड़क पर गिर गया। आरोपी उसकी ई-रिक्शा लेकर भागने लगा। उसने पीछा किया और सहायता के लिए चिल्लाया। इसी बीच एक बाइक सवार युवक आ गया, जिसे देखकर आरोपी ई-रिक्शा छोड़कर भाग गया। हालांकि चॉबी साथ ले गया। पुलिस ने मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का ही मामला दर्ज किया है।