रोहतक। महम थाना इलाके के गांव भैणी मातो में पानी लेने जा रहे मामा भांजे पर बुधवार शाम कुछ युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसमें बाइक सवार मामा भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका पीजीआई में इलाज चल रहा है। देर रात तक पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी रही।
पीजीआई में उपचाराधीन घायलों के पास आए भैणी मातो निवासी किताब ने कहा कि उसका छोटा बेटा 25 वर्षीय रवि बुधवार शाम को अपने भांजे 10 वर्षीय कुनाल को लेकर पानी लेने निकला था। साथ में परिवार की एक बेटी भी साइकिल से गई थी। गांव के बाहर निकलते ही सफेदे के पेड़ों के पीछे छिपे कुछ युवकों ने रवि व कुनाल पर हमला कर दिया। तेजधार हथियार से उनके सिर पर वार किया। इससे वे लहूलुहान हो गए। कुनाल के पैर में भी फ्रेक्चर आया है। वहां वे दोनों मामा भांजा बड़ी मुश्किल से भाग कर घर पहुंचे। हमलावारों को देखकर सहमी बेटी भी साइकिल से घर पहुंची और घटना के बारें में बताया। इसके बाद दोनों घायलों को लेकर पीजीआई पहुंचे। यहां इनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की करीब चार माह पूर्व रवि से कहासुनी हुई थी। इसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।