संवाद न्यूज एजेंसी
कलानौर (रोहतक)। गोल्ड लोन बैंक के असिस्टेंट बैंक मैनेजर 24 वर्षीय कपिल ने बसाना रोड स्थित किराये के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। वह महेंद्रगढ़ जिले के गांव कलवाड़ी का रहने वाला था। परिजनों का कहना है कि उनको नहीं पता किस वजह से उसने यह कदम उठाया। किसी पर दबाव बनाने का भी शक नहीं है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, महेंद्रगढ़ जिले के गांव कलवाड़ी निवासी कपिल बसाना रोड पर करीब एक साल से किराये पर रहता था, साथ ही गोल्ड लोन बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर नौकरी करता था। बैंक के मैनेजर ने सोमवार सुबह कॉल करके कहा कि 9 बजकर 40 मिनट पर ब्रांच में आ जाना। कपिल ने कहा कि 10 मिनट में ब्रांच में पहुंच जाऊंगा, लेकिन 10 बजे उसका शव घर के अंदर ही फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर ब्रांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया को बुलाया और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद परिजनों को अवगत कराया। परिजन कलानौर पहुंचे। पुलिस ने उनकी मौजूदगी में शव नीचे उतारा और पीजीआई के डेड हाउस में पहुंचाया। दोपहर बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
एक ही घर में रहते थे बैंक के छह कर्मचारी
कलानौर गोल्ड लोन बैंक की तरफ से छह कर्मचारियों के लिए बसाना रोड स्थित एक मकान एक वर्ष के लिए किराये पर लिया गया था। इसमें दो कर्मचारी अलग-अलग कमरों में रहते थे। शनिवार को 4 कर्मचारी घर पर गए हुए थे। कपिल के अलावा एक अन्य कर्मचारी ही मौजूद था, जो सुबह अपनी ड्यूटी पर निकल गया था। सुबह बैंक मैनेजर की कॉल के बाद कपिल को भी बैंक में पहुंचना था, उसने पंखे से फंदा बांधकर जान दे दी।
30 मिनट में क्या हुआ, परिजन बता रहे न पुलिस
9 बजकर 30 मिनट पर बैंक मैनेजर ने कॉल करके कपिल को कहा था कि 09 बजकर 40 मिनट तक बैंक में आ जाना। उसने 10 मिनट में आने की बात कही थी। 10 बजे उसके सुसाइड करने की सूचना आ गई। ऐसे में 30 मिनट में ऐसा क्या हुआ, जिसकी वजह से असिस्टेंट मैनेजर ने आत्महत्या कर ली। यह न तो परिजन बता रहे हैं और न ही पुलिस।
परिजनों का कहना है कि अज्ञात कारणों के चलते कपिल ने आत्महत्या की है। पुलिस को भी किसी तरह का सुसाइड नोट या अन्य तथ्य नहीं मिले हैं। ऐसे में हादसे की कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया है।
- इंस्पेक्टर सुलेंद्र, प्रभारी थाना कलानौर