रोहतक। जिले की आशा वर्करों ने जबरदस्ती ऑनलाइन काम कराने व आशाओं के प्रति सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैए के खिलाफ आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता ऑनलाइन काम के विरोध में विभाग की ओर से दिए गए फोन वापस लौटाने पर अड़ी हैं। डीडीपीओ ने विभाग की ओर से दिए गए फोन लेने की असमर्थता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार से जल्द बातचीत कराने का प्रयास करेगी। प्रदर्शन से पहले जिले की आशा वर्कर मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुई। यहां जिला उपप्रधान पुष्पा बलियाना की अध्यक्षता में सभा का आयोजन किया। कार्रवाई का संचालन जिला सह सचिव सोनू गरनावठी ने किया। सीटू जिला प्रधान कमलेश लाहली, यूनियन जिला प्रधान अनीता भाली और सीटू जिला कोषाध्यक्ष धर्मवीर हुड्डा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता देश की सूत्रधार स्वास्थ्य प्रणाली और लोगों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। आशा वर्कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में सबसे निचले पायदान और सबसे कम वेतनमान पर काम करतीं हैं। इस मौके पर फूलवती, नीरज, सुषमा, सुनीता, सीमा, सोनिका, दर्शना, वर्षा, कविता, रेनू बाला, रामरानी, पूनम, कृष्णा, मीनू, सुशीला, आशा मौजूद रहीं।