हरियाणवी इनोवेटिव फिल्म एसोसिएशन (हाइफा) की ओर से शनिवार को पहला वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। सुपवा परिसर में जुटे हरियाणवी सिने कलाकारों में से कला के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
यहां एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह मुख्य अतिथि रहे। हाइफा अध्यक्ष जनार्दन शर्मा व उपाध्यक्ष अभिनेता यशपाल शर्मा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न कोनों से हरियाणवी सिनेमा से जुड़े कलाकार शामिल हुए। यहां इनके किए काम को स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। नए कलाकारों के शानदार काम को देख कर सभी ने सराहा। कुलपति ने कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यहां आकर कला व कलाकारों के परिवार से मिलकर असीम खुशी हुई है। पहले पता नहीं था। हमारे प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में उम्दा कलाकार भी हैं। यह देखकर अति हर्ष हो रहा है। कलाकार अपनी कला से समाज को भी सही दिशा देने का प्रयास करें। अपने काम में सामाजिक सरोकारों को जोड़ें। इससे आमजन भी प्रभावित होगा। इसी तरह कार्य करने वाले कलाकारों को अगले कार्यक्रम के लिए एमडीयू हाइफ को आमंत्रित करता है। इससे युवाओं को भी नया सीखने का अवसर मिलेगा। मंच से अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि हमें मिलकर आगे बढ़ना है। कला के क्षेत्र नई मिसाल कायम करनी है। इसके लिए एक-दूसरे को सहयोग व प्रोत्साहित करना होगा। काम को सराहना होगा। हाइफा अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर अनेक लोग मौजूद रहे।