हरियाणवी फिल्म छोरियां छोरों से कम नहीं होतीं को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर निर्माता सतीश कौशिक और गायक गजेंद्र फौगाट ने अवॉर्ड साझा किया। सीएम मनोहर लाल के ओएसडी फौगाट ने कहा कि मुख्यमंत्री की फिल्म नीति भी उनकी तरह मनोहर है। इससे निकट भविष्य में प्रतिभाशाली कलाकारों को फिल्म क्षेत्र में नए मुकाम हासिल होंगे। पंचकूला में फिल्म सिटी के लिए 60 एकड़ भूमि चिह्नित कर ली गई है, जहां देश-दुनिया के कलाकार शूटिंग कर पाएंगे। निर्माता सतीश कौशिक ने कहा कि फौगाट के गाए फिल्म के गीत को इंस्टाग्राम पर बहुत सराहना मिली है, इसे करनाल के विवान में शूट किया गया था। निर्देशक राजेश अमरलाल बब्बर ने इसे श्रेष्ठ फिल्म बनाकर दम लिया। कौशिक ने पिछले दिनों सीएम मनोहर लाल से मिल कर पुरस्कार का अनुभव साझा किया था। फिल्म को जी सिनेमा की ओर से रिलीज किया जा रहा है, इसमें हरियाणा के कई कलाकार नजर आएंगे। कौशिक ने बताया कि जल्द ही वह एक नई फिल्म की शुरुआत करेंगे, जिसकी कहानी हरियाणवी पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। इसमें हरियाणा के बेटे, बेटियों का संघर्ष दर्शाया जाएगा।