रोहतक। पुलिस की एवीटी स्टाफ की टीम ने बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय की पार्किंग से चोरी हुई गाड़ी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चोरी की गाड़ी व स्कूटी बरामद कर ली गई है।
एवीटी स्टाफ प्रभारी एसआई गोर्धन सिंह ने कहा कि टिटौली निवासी प्रीति कि शिकायत पर थाना आईएमटी में केस दर्ज किया गया है। इसमें कहा गया है कि वह बाबा मस्तनाथ विवि के फिजियोथैरेपी विभाग में सहायक आचार्य पद पर कार्यरत है। वे 11 अक्तूबर को सुबह करीब 9 बजे अपनी गाड़ी गेट नंबर पांच की पार्किंग के पास खड़ी कर विभाग में गई थी। शाम करीब 4:15 बजे ड्यूटी से वापस आने पर गाड़ी पार्किंग में नहीं मिली। काफी छानबीन के बाद पता लगा कि किसी ने उसे चुरा लिया है। मामले की जांच करते हुए एवीटी टीम ने वीरवार को छापा मार कर आरोपी सेक्टर एक निवासी सुधीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इसने चोरी के वाहन की बरामदगी कराई।