सांपला। पश्चिम बंगाल से सांपला चायपत्ती भरकर आ रहे यूपी के एटा जिले के गांव मधुपुरा के ट्रक चालक व परिचालक को तीन हथियारबंद युवकों ने भैंसरू कलां गांव के नजदीक लूट लिया। कनपटी पर पिस्तौल अड़ाकर युवक 7 हजार की नकदी व मोबाइल फोन ले गए। इस संबंध में सांपला थाना में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक ट्रक ड्राइवर राहुल ने दी शिकायत में बताया कि वह 10 टायर के ट्रक पर नौकरी करता है। 27 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से चायपत्ती भरकर सांपला के लिए चला था। साथ में परिचालक हरजीत था। 30 दिसंबर की रात करीब एक बजे वे भैंसरू कलां के अड्डे पर पहुंचे, जहां ट्रक का तेल खत्म हो गया। तभी बाइक पर तीन युवक आए। दो युवक बाइक से नीचे उतरे, बोले ट्रक पीछे हटाओ। उसने जैसे ही खिड़की खोली, तभी दो युवक जबरन ट्रक के केबिन में चढ़ गए। पहले तो बोले, बीड़ी पिलाओ। जब तक वह कुछ समझ पाता, एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर उसकी कनपटी पर अड़ा दी। बोला, जो कुछ है बाहर निकाल दो। उससे 7 हजार रुपये की नकदी व फोन छीनकर तीनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
वर्जन-
ट्रक ड्राइवर राहुल की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- देवेंदर, थाना प्रभारी सांपला