झज्जर /साल्हावास। जिले के परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षाफल घोषित कर दिया गया। कक्षा में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कई स्थानों पर प्रवेश उत्सव रैली निकालकर अभिभावकों को बच्चों का प्रवेश सरकारी स्कूल में कराने के लिए प्रेरित किया गया।
वार्षिक परीक्षा परिणाम 31 मार्च को घोषित होता है लेकिन इस बार 31 मार्च को रविवार होने के चलते 30 मार्च शनिवार को ही परिणाम घोषित कर दिया गया। इसके लिए लगभग एक सप्ताह पहले ही संबंधित सरकारी स्कूलों की तरफ से बच्चों तथा स्वयं भी फोन के माध्यम से सूचित कर दिया गया था। ऐसे में शनिवार सुबह 8 बजे से अभिभावक अपने बच्चों का परीक्षा परिणाम जानने के लिए स्कूलों में पहुंचे। काफी खुश नजर आए। कई सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूरावास में शनिवार को परीक्षा परिणाम घोषित किए गए तथा कक्षा में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। गांव में प्रवेश उत्सव के लिए रैली निकाली गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सम्मत सिंह ने गांव वासियों को सरकारी स्कूल में बच्चों के ज्यादा से ज्यादा दाखिले करवाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कक्षा पहली से बारहवीं तक के दाखिले किए जाएंगे।