रोहतक। रोहतक अर्थ मूर्वस यूनियन के ठेकेदारों ने वीरवार को भाजपा नेता सतीश नांदल से मुलाकात कर आरटीए व इन्फोर्समेंट टीम के खिलाफ शिकायत दी है। इसमें संजय नैन, मोनू मकडौली समेत कई ठेकेदारों ने रोष जताते हुए बताया कि ओवरलोड गाडी के नाम पर गलत चालान काटे जा रहे हैं। यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो वह काम करना ही बंद कर देंगे। उन्होंने बताया कि शहर में 200 के करीब हाइवा हैं और सभी के ठेकेदार परेशान हैं। इस संबंध में सभी एकजुट होकर वीरवार को भाजपा नेता से मिलने आए हैं। ठेकेदारों ने बताया कि बरसात में मिट्टी गीली होने के चलते इसका वजन दो टन के करीब वजन बढ़ जाता है। इसका चालान काटा जा रहा है। यह समस्या दस दिन से आ रही है। इस पर भाजपा नेता सतीश नांदल ने प्रशासन से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।