अमर उजाला संवाद
रेवाड़ी। नगर परिषद ने पांच वर्ष पहले शहर में अस्थायी पार्किंग बनाने का प्रयास किया लेकिन दुकानदारों के विरोध के चलते पार्किंग नहीं बन पाई। उस दौरान दुकानदारों ने कहा कि पार्किंग के लिए बैरिकेड्स लगाए गए तो व्यवसाय प्रभावित होगा। अब पार्किंग नहीं होने से व्यापारियों और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर की आबादी करीब 3 लाख है। इसके बाद भी शहर में सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। सार्वजनिक पार्किंग नहीं होने के कारण त्योहारी सीजन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार में खरीदारी करने के लिए गए लोगों को मजबूरी में सड़क के किनारें दो व चारपहिया वाहनों को खड़ा करना पड़ता है। इसके अलावा अतिक्रमण की समस्या हैं। इसके चलते जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों को गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह नहीं मिलती है। अगर कोई कहीं गाड़ी खड़ी भी कर देता है तो उसके मन में चोरी डर बना रहता है।
लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को त्योहारी सीजन में होती है। बाजार में लोग खरीदारी करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र से भी आते हैं। ऐसे में पार्किंग ना लोगों को काफी परेशान कर रहा है। लोग पार्किंग की मांग करते रहे हैं लेकिन नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका।
नगर परिषद ने पांच वर्ष पहले अस्थायी पार्किंग बनाने का प्रयास किया था ताकि लोगों को सुविधा हो और जाम की समस्या से मुक्ति मिले। उस दौरान लोगों ने पार्किंग पर आपत्ति जताई थी। बीएमजी मॉल के सामने सेक्टर-5 की पार्किंग के खिलाफ लोग एकजुट हो गए थे। नगर परिषद की ओर से ब्रास मार्केट में पार्किंग चालू करने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए तो स्थानीय दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। दुकानदारों का तर्क था कि पार्किंग शुरू किए जाने से उनके पास ग्राहक कम आएंगे जिससे व्यवसाय प्रभवित होगा। इसके बाद नगर परिषद ने व्यापारियों के विरोध के चलते कभी पार्किंग के लिए प्रयास नहीं किया। संवाद
पार्किंग के लिए करना होगा लंबा इंतजार
शहर के लोगों को पार्किंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। नगर परिषद के भवन में कमरे कम हैं। नगर परिषद का नया भवन बनवाने का प्रयास किया जा रहा है। नाईवाली चौक पर नगर परिषद का कार्यालय बनाने की बात हो रही है। नगर परिषद का नया भवन बनने पर अगर कार्यालय स्थानांतरित हुआ को पुराने भवन के स्थान पर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की योजना है। हालांकि इस मुद्दे पर अभी विचार ही किया जा रहा है। अगर पार्किंग बनाने की बात तय हो गई और पार्किंग बनी तो लोगों को सुविधा होगी। फिलहार पार्किंग के लिए शहर के लोगों को लंबा इंतजा करना पड़ सकता है।
वर्जन:
शहर में पार्किंग को लेकर नगर परिषद की तरफ से जल्द ही योजना बनाई जाएगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर कार्य किया जाएगा। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।