हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल 25 सितंबर को प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के सहयोग से राधाकृष्णन सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में उन्हें मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
समारोह के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र छात्राओं को आमंत्रित किया गया है। इसके लिए प्रदेशभर के बच्चों व उनके अभिभावकों को निमंत्रण दिए जा चुके हैं। सम्मान समारोह में एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह, उपायुक्त यशपाल, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, पुलिस कप्तान उदय सिंह मीना, पीजीआईएमएस के कुलसचिव डॉ. एचके अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।
अमर उजाला की ओर से इससे पहले सोनीपत, करनाल, पंचकूला और हिसार में भी इस प्रकार के सम्मान समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। समारोह में सम्मान पाने के लिए विद्यार्थियों में उत्साह बना हुआ है। सम्मानित किए जाने वाले विद्यार्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी टॉपर्स की सूची के अनुसार हैं। इस सूची में शामिल विद्यार्थी ही सम्मानित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को सुबह नौ बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण करवाना होगा। उन्हें अपनी मार्कशीट और आईडी प्रूफ की फोटो कॉपी लाना अनिवार्य है।