रेवाड़ी। सूडान में हालात दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं। गृह युद्ध के कारण बनी परिस्थितियों ने वहां रह रहे भारतीयों के सामने भी परेशानी खड़ी कर दी है। भारत सरकार की ओर से शुरू किया गया ऑपरेशन कावेरी अपने लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। सूडान में गृह युद्ध के हालात के बीच अपने रेवाड़ी जिला पहुंचे अजीत सिंह ने वहां के भयावह हालात के बारे में बताया।
धारूहेड़ा निवासी अजीत सिंह ऑपरेशन कावेरी से मिले सहारे की बदौलत अपने देश लौट आए हैं। सोमवार को पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास के भतीजे मुकेश कापड़ीवास ने अजीत सिंह से मुलाकात की और वहां के हालात के बारे में भी जानकारी ली। मुकेश ने कहा कि सूडान में गृहयुद्ध के कारण बिगड़ी हालात में वहां फंसे देशवासियों को स्वदेश लाने के लिए केंद्र सरकार ने हो ऑपरेशन कावेरी चलाया, इसके तहत बड़ी संख्या में भारतीय घर पहुंचने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।
उन्होंने बताया कि पहले अजीत सिंह के बेटे ने उनसे संपर्क करके परिवार के फंसे होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्रालय में अपने एक मित्र अधिकारी के सहयोग से उन्हें जल्दी वापस लाने के प्रयास तेज किए, जिसमें कामयाब हुए। इस दौरान अजीत ने बताया कि वहां पर हालात काफी विकट थे और स्वदेश लौटने की आस धूमिल पड़ती जा रही थी। ऐसे में सरकार के प्रयासों से वह स्वदेश लौट सके और उम्मीद करते हैं कि अन्य देशवासी भी जल्द लौटेंगे।