रोहतक। शिक्षा विभाग की ओर से गर्मियों की छुट्टियाें यानि जून माह में विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में एडवेंचर कैंप का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 9वीं से 12वीं तक के वह विद्यार्थी कैंप का हिस्सा होंगे। इस कैंप में प्रदेश के प्रत्येक खंड से 20 विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा, जिसमें 10 लड़के व 10 लड़कियां होंगी। कैंप में हिस्सा लेने वाले इच्छुक विद्यार्थी 19 मई को रात 12 बजे तक विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से नियुक्त नोडल अधिकारी जिले के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व उच्च विद्यालयों के साथ मिलकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करेंगे एवं विभाग की वेबसाइट पर जारी लिंक को साझा करेंगे। इसके अलावा स्कूल मुखिया संबंधित स्कूलों के यूजर नेम और पासवर्ड वेबसाइट पर जारी लिंक में डालकर आवेदन करवाएंगे। छात्राओं के अभिभावकों से सहमति पत्र मिलने के बाद ही स्कूल मुखिया की ओर से पोर्टल पर जारी कॉलम में टिक का निशान लगाया जाएगा। इसके अलावा कैंप के इच्छुक विद्यार्थियाें के अभिभावकों से मेडिकल सर्टिफिकेट लेकर प्रमाणित किया जाएगा कि उनके द्वारा दी गई जानकारी सही है।
हेल्पलाइन नंबर से दूर होगी समस्या
समर एडवेंचर कैंप के लिए आवेदन के दौरान यदि पोर्टल पर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो शिक्षा विभाग की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 0172-504981 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व उच्च विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए जून में समर एडवेंचर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। विभाग की ओर से नोडल अधिकारी व स्कूल मुखियाओं को ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थी 19 मई तक पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
- समीर मान, जिला विज्ञान विशेषज्ञ और नोडल अधिकारी, समर एडवेंचर कैंप