बादली। लंबे समय से नालों की सफाई का इंतजार कर रहे दुकानदारों को कुछ राहत मिली है। मंगलवार दुकानों के बाहर नालों की सफाई की गई। जबकि पूरे बाजार में सफाई कार्य पूरा नहीं हुआ है, लेकिन कुछ जगह पर सफाई होने से गंदगी से छुटकारा जरूर मिला है। 7 मई के अंक में अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और अब नालों की सफाई का कार्य शुरू हो गया। दुकानदारों ने इसके लिए अमर उजाला का आभार जताया है।
बादली के बाजार में सड़क के दोनों ओर नाले अटे होने से दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार प्रशासन से मांग करने के बाद नालों की सफाई नहीं हो रही थी। दुकानदारों ने मिलकर प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया और राजनीतिक और सामाजिक लोगों से भी सहयोग मांगा गया। मंगलवार को पंचायत विभाग की ओर से मशीन भेजी गई और नालों के कुछ जगहों से सफाई करवाई गई। इसके लिए कुछ दुकानों के आगे नालों पर बिछाए गए ढक्कन भी हटवाए गए ताकि नालों की सफाई पूरी हो सके। बादली के शिव मंदिर चौक पर बुरा हाल हो चुका था, जहां पर दो घंटे तक मशीन से नालों का कचरा निकाला गया।
दुकानदार बोले अब हुआ काम
दुकानदारों की समस्या को 7 मई को प्रकाशित किया था। खबर छपने पर प्रशासन हरकत में आया और नालों की सफाई करवाई गई। अब सफाई होने से दुकानदार जगदीश, नरेश, राजेश और नरेंद्र ने अमर उजाला का आभार जताया। 6 मई को जल निकासी न होने से दुकानदार और ग्रामीण परेशान... व 7 मई को बादली की गलियों में कीचड़ से लोग परेशान... शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था।
नालों की सफाई में दुकानदारों की ओर से सहयोग नहीं मिल रहा है। दुकानों के बाहर नालों के ढक्कन नहीं हटाए गए जबकि कई जगह पर अवैध कब्जे भी किए गए हैं। इन्हें हटाए बिना नालों की सफाई नहीं की जा सकती। इसके बाद भी नालों को कुछ हद तक साफ करने का प्रयास किया गया है।
- युद्धबीर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी।