रोहतक। आगामी लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक विभाग को कोई न कोई गतिविधि आयोजित करनी होगी, क्योंकि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता को मतदान करना बहुत जरूरी है। मंगलवार को जिला विकास भवन में स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पारटीसिपेशन) को लेकर अधिकारियों के साथ हुई बैठक में एडीसी वैशाली सिंह ने यह बात कही। कहा कि प्रत्येक कार्यालय के मुख्य द्वार पर मतदान से संबंधित पोस्टर व बैनर अवश्य लगाया जाए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों, जहां पर आमजन का आवागमन रहता है, वहां पर भी इस तरह की प्रचार सामग्री संबंधित विभाग की ओर से अवश्य लगाई जाए। शिक्षा विभाग, कॉलेज व यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि वह भी अपने-अपने संस्थान में मतदान व मजबूत प्रजातंत्र के विषय को लेकर नुक्कड़ नाटक, भाषण प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम आयोजित करवाए।