रोहतक। पुलिस ने आसन निवासी युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी कुछ दिनों से तलाश चल रही थी। आईएमटी थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद ने बताया कि वारदात में शामिल आरोपी आसन निवासी सोनू को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथी आरोपी दीपक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस को आसन निवासी नितिश ने शिकायत दी थी। इसमें कहा गया है कि वह चारा काटने का काम करता है। चारा काटते समय उड़ती धूल को लेकर एक युवक से कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर वह धमकी दे रहा था। इस कारण 15 फरवरी को आरोपी के व्यवहार के बारे में उसके परिवार को बताकर अपने घर आ गया। दोपहर करीब 2 बजे संदीप अपने अन्य साथियों के साथ नितिश के घर आया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। संदीप ने अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। नितिश ने अपने बचाव में शोर मचाया तो आरोपी संदीप साथियों समेत बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस आरोपी को तलाश कर रही थी। ब्यूरो