रोहतक। मदीना के बुजुर्ग हवासिंह की हत्या के आरोप में पुलिस ने गांव के धर्मबीर को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। इसके साथ ही रात 12 बजे परिजनों के साथ आए ग्रामीणों ने बहुअकबरपुर थाने के बाहर धरना खत्म कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में मदीना गांव निवासी संदीप ने बताया कि वह जेबीटी अध्यापक है। 15 फरवरी को उसके पिता 70 वर्षीय हवासिंह करीब साढ़े आठ बजे खेत में नहर का पानी देने गए थे। करीब 10 बजे उसके भाई सेवा सिंह का फोन आया कि गांव के ही युवक धर्मबीर सिंह ने पिता हवासिंह को नहर की पुलिया पर फटक दिया। इससे लगी चोटों के कारण पिता की मौत हो गई है। पूरा झगड़ा इच्छा वाले खेत की मोरी नंबर आरडी 9 हजार के पास हुआ। पुलिस ने आरोपी धर्मबीर के खिलाफ हत्या का मामला तो दर्ज कर लिया था, लेकिन आठ दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन व ग्रामीण वीरवार को थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। रात 12 बजे पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, तब धरना खत्म किया।
वर्जन
आरोपी धर्मबीर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। मामले में निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी।
महेश कुमार, प्रभारी थाना बहुअकबरपुर