रोहतक। एक सप्ताह पहले चमारिया गांव में हुई 18 लाख की चोरी के मामले में नया मोड़ आ गया है। गांव के ही दो युवकों ने पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर देने का आरोप लगाया है, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने डीसी अजय कुमार व एसपी हिमांशु गर्ग को सौंपी। एसपी ने मामले की जांच एएसपी मेधा भूषण को सौंपी है। सदर पुलिस ने दो बार पूछताछ कर छोड़ा, सीआईए तीन में दी यातनाएं शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ चमारिया गांव निवासी विनय व कर्ण लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी व एसपी को लिखित शिकायत दी। आरोप लगाया कि 10 जून को पुलिस उसे सदर थाने में ले गई और 18 लाख की चोरी के केस में पूछताछ कर छोड़ दिया। इसके बाद 11 जून को सुबह नौ बजे आने समय दिया। वे सदर थाने में गए, जहां पुलिस ने दोबारा पूछताछ की और छोड़ दिया।
इतना ही नहीं, अगले दिन फिर पुलिस ने तीन घंटे पूछताछ की। थोड़ी देर बाद सीआईए द्वितीय की टीम आई और पूछताछ कर छोड़ दिया। 13 जून को सीआईए तीन की टीम आई और उनको गाड़ी में बैठाकर आईएमटी थाने में ले गई। आरोप है कि वहां पर पहले सिगरेट नशीला पदार्थ डालकर पिलाई। इसके बाद मुंह पानी में डूबा दिया। साथ ही टांगे खींचीं। इसके अलावा युवकों ने करंट लगाकर पूछताछ करने का भी आरोप लगाया है। इसके साथ ऐसी यातानाएं भी दीं, जिनके बारे में बता नहीं सकते। 13 जून को रात नौ बजे छोड़ा। कहा गया कि मेडिकल कराया या किसी को शिकायत की तो अच्छा नहीं रहेगा। परिजनों ने उनका किलोई सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। वहां से सिविल अस्पताल भेज दिया। सिविल अस्पताल से पीजीआई रेफर कर दिया। अब पीजीआई से छुट्टी मिली है। आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
.........
चंडीगढ़ पुलिस के हवलदार व दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर के घर हुई थी चोरी
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक चमारिया गांव निवासी सुरेश हुड्डा ने 10 जून को सदर थाने में शिकायत में बताया कि उसका भाई मुकेश हुड्डा चंडीगढ़ पुलिस में हवलदार है। जबकि रमेश दिल्ली के नांगलोई में प्रॉपर्टी डीलर के तौर पर कारोबार करता है। गर्मी की छुट्टियों के चलते दोनों परिवार सहित घर आए हुए हैं। दिल्ली में चोरी की वारदात के डर के चलते रमेश अपने साथ जेवरात व 2 लाख 35 हजार रुपये की नकदी और मुकेश 3 लाख 20 हजार की नकदी व जेवरात लेकर आया था। रात करीब डेढ़ बजे वे सोए और सुबह चार बजे उठे तो कमरे की कुंडी खुली मिली। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। चोर 24 तोले सोना, 26 तोले चांदी व 5 लाख 55 हजार की नकदी ले गए।
जजपा नेता पर लगे आरोप, नेता बोले जांच को तैयार, आरोप बेबुनियाद
लघुसचिवालय के बाहर मीडिया के सामने युवकों ने कहा कि गांव निवासी डॉ. संदीप हुड्डा ने जजपा के टिकट पर पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा था। जबकि अब वे गढ़ी-सांपला किलोई हलके के अध्यक्ष हैं। अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पुलिस पर दबाव बनाया। वहीं डॉ. संदीप हुड्डा ने आरोपा को नकारते हुए कहा कि उसने पुलिस अधिकारियों को लेकर इतना कहा था कि चोरी की वारदात का खुलासा होना चाहिए। किसी युवक का नाम नहीं लिया। पुलिस किस से पूछताछ करती है यह पुलिस का काम है। गांव की राजनीति के चलते उनका नाम लिया जा रहा है।
चमारिया गांव के युवकों की शिकायत मिली है, जिसकी जांच एएसपी मेधा भूषण को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
हिंमाशु गर्ग, एसपी रोहतक
केवल पूछताछ के लिए लेकर आए थे, आरोप बेबुनियाद
सीआईए तीन की टीम आरोपियों को पूछताछ के लिए लेकर आई थी, लेकिन चोरी की वारदात में उनकी भूमिका नहीं मिली तो छोड़ दिया था। बाकी बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।
गोर्धन, प्रभारी सीआईए तीन