रोहतक। ठेकेदार की ओर से 10 लाख रुपये मांगने पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीआईए-1 प्रभारी एसआई गोर्धन सिंह ने बताया कि तीन जून को बसाना निवासी विरेंद्र की शिकायत के आधार पर थाना कलानौर में केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विरेंद्र ठेकेदारी करता है। उसने लाहली के रेलवे स्टेशन के पास रेलवे मोड़ पर मिट्टी डालने का कार्य करीब तीन महीने पहले किया था। उसने करीब एक महीने काम किया। इसके बाद ठेकेदार जसबीर और विजेंद्र ने उससे काम छुड़वा लिया और खुद काम करने लगे। विरेंद्र ने काम छोडने के बाद अपनी पेमेंट मांगी तो उन्होंने कुछ पेमेंट दे दी। बाकी के लिए ठेकेदारों ने कहा कि मिट्टी का लेवल उठाने के बाद दे देंगे। विरेंद्र के पिता ने दो जून को जसवीर ठेकेदार को फोन कर बची हुई करीब 10 लाख रुपये की पेमेंट देने को कहा तो जसबीर ने उसी दिन आने की बात कहकर फोन काट दिया। इसके बाद जसबीर ने फोन नही उठाया। बिजेंद्र ने विरेंद्र को कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। सांय करीब छह बजे विरेंद्र के पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपने आपको भाऊ रिटौली बताते हुए लाहली से जाने को बोला, वरना अंजाम बुरा होने की धमकी दी। सीआईए-1 के एएसआई दिनेश ने मामले की जांच करते हुए 12 जून को वारदात में शामिल आरोपी पलवल के होडल निवासी पुष्पेंदर को गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।