एनआरएस कालेज के गेट पर ताला बंदी कर धरना देते एबीवीपी के कार्यकर्ता। विज्ञप्ति
रोहतक। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पंडित नेकीराम शर्मा कालेज के दरवाजे पर ताला जड़ दिया। महाविद्यालय के पुराने भवन को तोड़ने के विरोध में विद्यार्थियों ने करीब 40 मिनट तक तालाबंदी रख कर रोष प्रकट किया। परिषद के प्रदेश सह मंत्री रमन ने कहा कि महाविद्यालय के इस भवन को तोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। इस भवन का थोड़ा सा हिस्सा ही क्षतिग्रस्त है। इसे थोड़े से खर्च में दुरुस्त किया जा सकता है। इस भवन में महाविद्यालय की कक्षाएं, प्रयोगशालाएं व पुस्तकालय चल रहा है। यह भवन तोड़ा जाता है तो अगले कई वर्षों तक शिक्षा बुरी तरह प्रभावित होगी।
विभाग संयोजक हरिओम ने कहा कि हम महाविद्यालय के पुराने भवन के निर्माण के विरोध में नही हैं। महाविद्यालय के पास लगभग 4 एकड़ जमीन खाली पड़ी है। नया भवन इस खाली जगह पर बनाया जाए। महाविद्यालय का पुराना भवन एक ऐतिहासिक धरोहर है। इसे नष्ट करने के बजाय इसकी मरम्मत की जानी चाहिए।
एमडीयू इकाई अध्यक्ष ने सन्नी नारा ने कहा कि इस भवन के गिराने की सूचना से महाविद्यालय के पुरातन छात्र भी आहत हैं। उनके महाविद्यालय आने की यह एक मात्र याद है। इसलिए प्रशासन से आग्रह है कि अन्य स्थान पर नया भवन बनाया जाए। बाद में विद्यार्थिर्यों के दल की प्राचार्य मेजर दिनेश सहारण के साथ बैठक हुई। विद्यार्थियों ने प्राचार्य से मिले आश्वासन पर सहमति जताते हुए दरवाजे पर लगा ताला खोला। इस मौके पर अर्जुन सिंह, सुधीर घणघस, सन्नी, नवदीप, अभिषेक व अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।