बेरी। छुछकवास चौकी के अंतर्गत गांव भिंडावास में घर में घुसकर ट्रैक्टर चोरी कर रहे युवक को परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में गांव भिंडावास निवासी कुलदीप ने बताया कि वह घर पर सो रहे थे। बुधवार रात करीब 12 बजे उनको आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा तो एक युवक ट्रैक्टर चोरी कर ले जा रहा था। उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। जांच अधिकारी लाल सिंह ने बताया कि गांव भिंडावास में ट्रैक्टर चोरी करके ले जाने वाले युवक को परिजनों ने पकड़ लिया था। शिकायतकर्ता की शिकायत पर चोरी की एफआईआर दर्ज ली है। आरोपी को शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
संवाद