महम चौबीसी के गांव निंदाना से दो अक्तूबर को लापता हुई महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। गांव के युवक उसे हरिद्वार घुमाने के बहाने ले गए और रास्ते में रुड़की रोड पर हत्या कर शव गंग नहर में फेंक दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया, जबकि एक आरोपी को न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेज दिया।
महम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने बताया कि निंदाना निवासी अशोक ने शिकायत दी थी कि उसकी 31 वर्षीय पत्नी रेनू गुरुग्राम में निजी क्षेत्र में नौकरी करने की कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। महिला के पति ने 4 अक्टूबर को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला कि भिवानी जिले की रहने वाली रेनू की शादी 15 साल पहले अशोक के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। महिला की गांव निंदाना के ही युवक रवि के साथ पिछले चार साल से दोस्ती थी। महिला रवि पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से बचने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची।
इसके लिए रवि ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर महिला को हरिद्वार घूमने का प्लान बनाया। चार अक्टूबर आरोपी महिला को लेकर हरिद्वार के लिए निकला था। आरोप है कि रास्ते में मुजफ्फरनगर से 30 से 35 किलोमीटर दूर रुड़की रोड पर सुनसान जगह पर कार रोक ली। वहां पर पहले आरोपियों ने शराब का सेवन किया। उसके बाद महिला का चुन्नी से गला घोंटा तथा चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। साथ ही शव को गंग नगर में फेंककर फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर महिला के शव को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी रवि को पांच दिन के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है जबकि आरोपी निंदाना निवासी कुलदीप उर्फ भोगल व साहिल को एक दिन के रिमांड पर हासिल किया है।