हरियाणा में चरखी दादरी के गांव बलाली निवासी किसान राजुकमार का सरसों की बोरियों से भरा ट्रैक्टर झज्जर के गांव मांडोठी के पास चार कार सवार लुटेरे हथियार दिखाकर वीरवार रात लूट ले गए।
लुटेरे ट्रैक्टर चालक को निर्जन स्थान पर बने एक कमरे में ले गए और बांधकर फरार हो गए। लूटा गया ट्रैक्टर शुक्रवार को सिवानी के पास दुर्घटनाग्रस्त मिला।
पीड़ित ने बताया कि वह अपनी 102 बोरी सरसों बेचने के लिए दिल्ली की तरफ जा रहा था।
गांव मांडोठी के पास पहुंचने परकार सवार कुछ युवकों ने उसे ओवरटेक कर रुकवा लिया।
वह कुछ समझ पाता इससे पूर्व ही कार से उतरे चार युवकों ने उस पर रिवॉल्वर तान दी और बंधक बनाकर उसे कार में डाल लिया।
कुछ देर बाद उक्त युवक उसे एक सुनसान इलाके में बने कमरे में बांधकर सरसों से भरा ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
किसी तरह वह झज्जर में रहने वलो अपने एक रिश्तेदार के यहां पहुंचा। वहां से उसने पुलिस और परिजनों को घटना से अवगत करवाया।
पुलिस ने तुरंत क्षेत्र में वीटी करवाकर ट्रैक्टर को तलाशने का प्रयास किया लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे।
पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें पता चला कि लूटे गए ट्रैक्टर ने सिवानी के समीप एक बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर रखा है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर सरसों बरामद करने की मांग की है।