संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। विधासभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन वीरवार को रेवाड़ी, बावल और कोसली विधासभा क्षेत्र से कुल 39 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। बावल विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल डहीना ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन बावल विधानसभा क्षेत्र से 12, कोसली विधानसभा क्षेत्र से 20 और रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से 7 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान तीन विधानसभा क्षेत्रों से कुल 57 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। बावल में आरओ उदय सिंह ने, कोसली में आरओ एसडीएम विजय कुमार यादव, रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के नामांकन आरओ एवं एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने प्राप्त किए।
13 सितंबर को नामांकन पत्रों की समीक्षा करते हुए छंटनी की जाएगी। 16 सितंबर तक नामांकन वापिस लिए जा सकते हैं। बावल विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल डहीना, कांग्रेस से बावल विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री डॉ. एमएल रंगा और कोसली से जगदीश यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
कोसली विधानसभा सीट से मनोज कोसलिया ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया जबकि रेवाड़ी से आज़ाद समाज पार्टी की उम्मीदवार मोकी यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया।