रोहतक। उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रदेश के 14 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति की ओर से दिल्ली में पुलिस मेडल प्रदान किया गया है। मेडल पाने वालों में रोहतक के पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल भी शामिल हैं। दुग्गल का जन्म 13 मई 1966 को एक मध्यम श्रेणी के परिवार में हुआ, जिन्होंने अपने माता-पिता के कुशल निर्देशन में प्रारंभिक शिक्षा भिवानी से पूरी की और कानून की डिग्री लेने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। विश्वविद्यालय में कानून की शिक्षा ग्रहण करते समय अपनी एक अलग पहचान बनाई और निर्धारित अवधि में कानून की डिग्री उच्च श्रेणी से ग्रहण की। नौ दिसंबर 1993 को वे पुलिस विभाग में निरीक्षक के पद पर भर्ती हुए। इस पद पर रहते हुए हिसार के थानों में बतौर प्रबंधक काम किया। यहां पर अपराध पर अंकुश लगाते हुए अपराधियों पर पकड़ बनाई और एक कुख्यात को मुठभेड़ में मार गिराया। इस बहादुरी के लिए दुग्गल को 2010 में राष्ट्रपति महोदय की ओर से पुलिस मेडल फॉंर गैलेंटरी प्रदान किया गया। कुछ समय बाद इनकी पदोन्नति हो गई और गुड़गांव में ही इन्हें डीसीपी क्राइम लगाया गया। हरियाणा सरकार ने जुलाई 2013 में दुग्गल को पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया।