रोहतक। एमडीयू के टैगोर सभागार में एक ही मंच पर शनिवार को विभिन्न विधाओं का मिश्रण देखा गया। मौका था आईआईएम के इनफ्यूजन-14 का। कार्यक्रम में कलाकारों ने जमकर धमाल किया। दर्शक भी कलाकारों के साथ थिरकते देखे गए। देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रबंधन संस्थानों के कलाकारों को एक मंच पर आने का मौका मिला तो कलाकारों ने भी इस मौके का पूरा फायदा उठाया। कार्यक्रम की शुरुआत वाद्य यंत्रों की दिल छू लेने वाली सुर-ताल से हुई। इसकेबाद एकल, युगल और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभागार में बैठे हर दर्शक के दिल को छू लिया। पाश्चात्य, पंजाबी और हिंदी संगीत पर कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया। करीब चार घंटे तक सभागार मेें तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती रही। माहौल ऐसा बन गया था कि मंच और सभागार में छात्र-छात्राओं के समूह थिरक रहे थे। अध्यापक भी अपने आपको इस माहौल से अलग नहीं कर सके और वे भी मंच पर पहुंच गए। आईआईएम रोहतक केप्रेम और प्रशंसा ने मंच संचालन किया। रविवार को कार्यक्रम का समापन होगा। इस दिन ड्रामा, फैशन शो और बैंड कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में आईआईएम रोहतक के अलावा काशीपुर, गुड़गांव, नोएडा और दिल्ली प्रबंधन के तीन कॉलेजों की टीमों ने भी भाग लिया।