रोहतक। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को धुंध से निपटने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर रिफ्लेक्टर टेप के साथ-साथ रिफ्लेक्टिड साइन बोर्ड लगवाएं जाएं। डीसी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की तुरंत पहचान करने के निर्देश दिए और एसडीएम अमरदीप जैन की अध्यक्षता में बीएंडआर, नगर निगम, पब्लिक हेल्थ व हुडा इत्यादि विभागों के अधिकारियों की टीम गठित की। टीम द्वारा चिह्नित किए गए स्थानों, स्पीड ब्रेकरों पर रिफ्लेक्टर टेप और चौराहों पर रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने सड़कों वगैरह पर प्लास्टिक पेंट्स से मार्का लाइन लगवाने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने दूसरे शहरों से आने वाले वाहनों को शहर से सुरक्षित निकालने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसपी राजेश दुग्गल, एसडीएम नागरिक रोहतक अमरदीप जैन, सीटीएम जयदीप कुमार, आरटीए सचिव अमित कुमार गुलिया और डीएसपी कर्ण गोयल आदि मौजूद रहे।