रोहतक। बिहार से करीब एक साल पहले संदिग्ध परिस्थितियाें में लापता हुई युवती को खरावड़ पुलिस ने गांव बलियाना से बरामद कर लिया है। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस ने युवती को गांधी कैंप स्थित आश्रम में भेज दिया और शुक्रवार को बिहार पुलिस युवती के परिजनों को लेकर रोहतक पहुंची। कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवती को बिहार पुलिस को सौंप दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि दो युवक उसे बहला-फुसलाकर समस्तीपुर से लेकर आए थे। पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2012 को बिहार के समस्तीपुर निवासी एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इस संबंध में युवती के परिजनों ने समस्तीपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दौरान आठ दिसंबर को खरावड़ पुलिस को सूचना मिली कि बिहार निवासी एक युवती गांव बलियाना में हैं। जांच पड़ताल में पता चला कि विजय के घर पर युवती रह रही है। बताया जा रहा है कि बलियाना निवासी युवक ने युवती के साथ शादी रचा रखी थी। युवती ने पुलिस को बताया था कि दो युवक उसे बहला फुसलाकर दिल्ली ले आए थे।