रोहतक। मांगों को लेकर हरियाणा चार्टेड एसोसिएशन ऑफ फिजियोथैरेपिस्ट हस्ताक्षर अभियान चलाएगा। यह निर्णय मंगलवार को एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान डॉ. आरके मुद्गिल ने की। बैठक में डॉ. मुद्गिल ने कहा कि सरकार को प्रदेश में फिजियोथैरेपिस्टों की वास्तविक स्थिति और जरूरतों के बारे में अवगत कराया जाएगा। क्योंकि फिजियोथैरेपी चिकित्सा ही एकमात्र ऐसा इलाज है जिसके सहारे हम बिना दवा के बहुत सी बीमारियों से पूर्णतया निजात पा सकते हैं। ऐसे में फिजियोथैरेपिस्टों के महत्व को ध्यान में रखते हुए सरकार को इनके भविष्य को बचाने के लिए विशेष कदम उठाने की जरूरत है। डॉ. मुद्गिल ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत मात्र है। आगे भी इसी मुहिम को जारी रखते हुए प्रदेश के सभी फिजियोथैरेपी कॉलेजों में इस तरह का हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। बैठक में डॉ. अभिषेक मेहरा, डॉ. चमत्कार नागर, डॉ. शिल्पा मक्कड़, डॉ. स्वाति खरब, डॉ. नेहा ढल और डॉ. दिव्या गुप्ता उपस्थित रहे।