झज्जर। अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 18 नवंबर को झज्जर में धरना व प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। रविवार को प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता झज्जर में एकत्रित होंगी और शहर में प्रदर्शन करती हुईं स्थानीय विधायक व प्रदेश की महिला व बाल विकास मंत्री गीता भुक्कल के निवास पर पहुंचेगीं। संगठन की ओर से भुक्कल को ज्ञापन दिए जाने का निर्णय लिया गया है। संगठन के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी लंबित मांगों को लेकर कई दफा सरकार के प्रतिनिधियों का ध्यान दिलाया गया है, लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें आज तक कुछ नहीं मिला। यही वजह है कि संगठन ने 18 नवंबर को झज्जर में प्रदेशस्तर का प्रदर्शन व धरना दिए जाने का निर्णय लिया है। प्रवक्ता ने बताया कि सभी कार्यकर्ता झज्जर में सुबह के समय इनेलो कार्यालय के समक्ष एकत्र होंगे और बाद में प्रदर्शन करते हुए मंत्री के आवास पर जाएंगी।