बहादुरगढ़। शहर थाना पुलिस ने वीरवार को नजफगढ़ में किसी व्यक्ति की हत्या करने जा रहे एक युवक को अवैध पिस्टल व 5 जिंदा कारतूसों समेत काबू कर लिया। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। शहर थाना प्रभारी रणधीर दहिया के अनुसार, वे वीरवार को अपनी टीम के साथ शहर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि संजय पुत्र ईश्वर निवासी बवाना (दिल्ली) अपनी कार में नजफगढ़ की ओर जा रहा है। आरोपी का इरादा गांव दिचाऊ कलां निवासी बिजेन्द्र पुत्र भानेराम की हत्या करने का है। पुलिस ने सेक्टर 9 के पास अस्थाई नाका लगाकर जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने गाड़ी को भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने कुछ दूरी पर जाकर उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर का अवैध पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में संजय ने बताया कि उसका हरिदास कालोनी में 385 गज का प्लाट है जिस पर बिजेन्द्र ने कब्जा कर रखा है। इसी प्लाट को लेकर दोनों में पक्षों में विवाद चल रहा है। वह उसका काम तमाम करना चाहता था। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।