रोहतक। रेलवे कर्मचारी को वीडियो कॉल करके एक युवती ने अश्लील फोटो खींच ली, इसके बाद वायरल करने की धमकी देकर 98 हजार 500 रुपये ठग लिए। इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में रेलवे कर्मी ने बताया कि सात अगस्त को करीब डेढ़ बजे उसके पास एक मोबाइल नंबर से वीडियो कॉल आई। लड़की बात कर रही थी। उसने चार-पांच मिनट बात की थी। थोड़ी देर बाद एक नंबर से कॉल आई, कहा कि तुम्हारे गलत फोटो खींच लिए हैं। जल्द डेढ़ लाख रुपये भिजवा दे, नहीं तो फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगी। डर के मारे उसने अपने बेटे को बोलकर 98 हजार 500 रुपये भिजवा दिए। फिर संजय अरोड़ा नाम के व्यक्ति की कॉल आई। उसने कहा कि बोला मैं इंस्पेक्टर बात कर रहा हूं। बकाया पैसे भेज दे, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान एक अन्य नंबर से कॉल आई और पैसे मांगे। वह समझ गया कि उसके साथ ठगी हो रही है। उसके बेटे ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काॅल की।